Tuesday 10-02-2026

नपा ने फर्जी एरियर पत्रक पर 1.5 लाख की जगह 8 लाख रूपए का किया भुगतान, दो वर्षों में नहीं हो सकी वसूली

Posted By Vinod Kewat
  • Updated Wednesday Dec 24 2025
  • / 341 Read

नपा ने फर्जी एरियर पत्रक पर 1.5 लाख की जगह 8 लाख रूपए का किया भुगतान, दो वर्षों में नहीं हो सकी वसूली

क्या सुरेश बेलिया संयुक्त संचालक को खुश करने के लिए किया बढ़ाकर एरियर राशि का भुगतान ?

अपने अधिकारी को खुश करने के लिए छोटे कर्मचारी कई प्रकार के गिफ्ट देते है जिससे उनके आला अधिकारी उनसे खुश रहे, यह अभी तक आपने सुना था। इसका जीता जागता उदाहरण नर्मदापुरम नगर पालिका ने पेश किया है। जहां अपने ही विभाग के संयुक्त संचालक सुरेश बेलिया को उनके एरियर के भुगतान का 4 गुना अधिक भुगतान कर दिया। एरियर की गणना करने वाले कर्मचारी की कार्यशैली काबिले-ए-तारीफ है जिसने 1,50,978/- रूपए को बढ़ाकर 8,28,112/- रूपए कर दिया और उसका बकायदा भुगतान कर दिया गया। देखा जाएं तो विभाग को आर्थिक क्षति पहुंचाने में वरिष्ठ अधिकारी भी पीछे नहीं है।

मामला नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम कार्यालय का है, तत्कालीन सीएमओ नवनीत पाण्डेय के कार्यकाल में दिनांक 20.09.2023 को सुरेश बेलिया संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को 8,28,112/- रूपए का एरियर भुगतान किया गया। सुरेश बेलिया को मार्च 2006 से नवम्बर 2009 का 8,28,112 रूपए का एरियर भुगतान किया गया जबकि उन्हें 1,50,984/- रूपए का भुगतान किया जाना था। ऑडिट रिपोर्ट में ज्यादा राशि भुगतान का उल्लेख है और श्री बेलिया से 6,77,128/- रूपए की वसूली करने का लेख किया गया है।


अंकेक्षण रिपोर्ट में यह है जिक्र

नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम कार्यालय के वित्तीय वर्ष 2023-24 की अंकेक्षण रिपोर्ट में संयुक्त संचालक स्थानीय निधि संपरीक्षा भोपाल ने स्पष्ट उल्लेख किया है कि श्री सुरेश बेलिया (संभागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग) तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी को मार्च 2006 से नवम्बर 2009 तक छटवे वेतनमान का प्रस्तुत एरियर पत्रक के आधार पर दिनांक 20.09.2023 को 828112/- का भुगतान किया गया। आवासीय संपरीक्षा में एरियर पत्रक का परीक्षण किया गया, जिसमें एरियर पत्रक त्रुटि पूर्ण पाया गया। संपरीक्षा द्वारा नगर पालिका नर्मदापुरम में उपलब्ध आंकड़ों (वेतन पंजी) के आधार पर पुन: एरियर पत्रक तैयार किया गया, जिसमें सुरेश बेलिया को राशि 150984/- भुगतान किया जाना था, जबकि उन्हें 828112/- भुगतान किया गया। अत: अंतर की राशि 677128/- रूपए वसूली योग्य पाई गई।

दो वर्षो में नहीं हुई वसूली

ऑडिट रिपोर्ट में इस गड़बड़ी का स्पष्ट उल्लेख है और वसूली के लिए आवासीय संपरीक्षा ने सीएमओ को दिनांक 18.10.2023 को पत्र भी जारी किया है। उक्त भुगतान के 2 वर्ष बीत जाने के बाद भी आज तक संयुक्त संचालक सुरेश बेलिया से राशि वसूली नहीं की गई और ना ही फर्जी एरियर पत्रक के आधार पर किए गए भुगतान में संलिप्त कर्मचारियों अधिकारी पर कार्रवाई की गई। सूत्रों की माने तो नगर पालिका की स्थापना शाखा, लेखा शाखा और तत्कालीन सीएमओ पर कार्रवाई की आंच आ सकती है इसलिए ना तो राशि की वसूली की गई और ना ही जांच की गई।

ई.ओ.डब्ल्यू. में हुई शिकायत

नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम कार्यालय द्वारा सुरेश बेलिया को फर्जी एरियर पत्रक के आधार पर किए गए अधिक भुगतान की दिनांक 10.08.2025 ऑनलाईन शिकायत ई.ओ.डब्ल्यू. भोपाल को भेजी गई है। ई.ओ.डब्ल्यू. भोपाल ने दिनांक 01.09.2025 को अपर मुख्य सचिव, म.प्र. शासन नगरीय विकास एवं आवास विभाग से जांच कराकर तथ्यात्मक प्रतिवेदन मांगा है। 


Tags :

Share News

NewsFlash NewsFlash NewsFlash NewsFlash NewsFlash NewsFlash

खबर पर प्रतिक्रिया /कमेन्ट करने के लिए लॉगइन करे Login Page

नए यूजर जुडने के लिए डिटेल्स सबमिट करे New User's Submit Details

Our Facebook Page


POPULAR NEWS