
नर्मदापुरम । संभागीय जनसंपर्क कार्यालय नर्मदापुरम के भृत्य हीरालाल शर्मा अपने शासकीय सेवा के 42 वर्ष 5 माह की सेवा पूरी कर 27 फरवरी को सेवानिवृत्ति हुए। श्री शर्मा की सेवा निवृत्ति पर जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त संचालक जनसंपर्क रश्मि देशमुख ने श्री शर्मा के सेवा काल को स्मरण करते हुए कहा कि श्री शर्मा ने अपनी शासकीय सेवा पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से संपादित की। किसी भी कार्य को करने से मना नहीं किया। हर कार्य को करने के प्रति पूरी प्रतिबद्धता दिखाते हुए उन्होंने पूरी निष्ठा से कार्य किया। वे अपने शासकीय कर्तव्यों के प्रति निष्ठा ईमानदारी के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। सुश्री देशमुख ने उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। जनसंपर्क विभाग के पूर्व कर्मचारी सी.एम. वर्मा ने कहा कि श्री शर्मा ने हमेशा हर परिस्थितियों में अपने शासकीय दायित्वो का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से किया। उन्होंने उनके सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
सेवानिवृत्ति अवसर पर हीरालाल शर्मा ने अपनी पद स्थापना को याद करते हुए बताया कि उनकी जनसंपर्क विभाग में पद स्थापना 1984 में हुई थी। उसके पश्चात उन्होंने विभाग में रहते हुए अपने शासकीय दायित्व और कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से पालन किया। शासकीय कार्य की हर विधा को सीखने का प्रयास किया एवं अधिकारी द्वारा बताए गए कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से रखते हुए संपादित किया। इसके पूर्व संयुक्त संचालक रश्मि देशमुख ने हीरालाल शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट किया एवं पुष्प गुच्छ से उनका स्वागत किया। कार्यालय की कर्मचारी समीक्षा, भावना कसेरा, रविंद्र शर्मा, करण बडवार, सुनील संतोरे, संदेश दुबे, नितिन सरयाम एवं अन्य कर्मचारियों ने पुष्प हारो से श्री शर्मा का स्वागत किया।

खबर पर प्रतिक्रिया /कमेन्ट करने के लिए लॉगइन करे Login Page
नए यूजर जुडने के लिए डिटेल्स सबमिट करे New User's Submit Details

