Monday 20-04-2026

नर्मदापुरम। जिले में रिकवरी एजेंटों द्वारा विधि-विरुद्ध तरीके से वाहनों को जब्त (सीज) करने की सूचनाएं नर्मदापुरम पुलिस को मिल रही है, जिस पर संज्ञान लेते हुए नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने एक वीडियो जारी कर आमजन से अपील की है।
एसपी श्री थोटा ने जारी वीडियो में स्पष्ट किया कि केवल किस्त (ईएमआई) नहीं भरने की स्थिति में कोई भी रिकवरी एजेंट जबरदस्ती वाहन सीज नहीं कर सकता। इसके लिए विधि द्वारा निर्धारित स्पष्ट गाइडलाइन हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि आईसीआईसीआई बैंक बनाम प्रकाश गौर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने साफ निर्देश दिए हैं कि कोई भी बैंक या रिकवरी एजेंट ग्राहक को परेशान या धमका नहीं सकता है। वाहन को एग्रीमेंट की शर्तों के अनुरूप ही वापिस लिया जा सकता है।
यदि किसी रिकवरी एजेंट द्वारा वाहन लेने की कार्रवाई की जाती है, तो उसके लिए भी निर्धारित नियम हैं। एजेंट पहचान पत्र (आई कार्ड) पहनकर आना होगा। वाहन सीज से संबंधित विधिवत दस्तावेज होना चाहिए। वाहन स्वामी को पूर्व में नोटिस देना जरूरी है।
श्री थोटा ने बताया कि यदि कोई रिकवरी एजेंट नियमों का उल्लंघन करते हुए जबरन वाहन जब्त करता है, तो यह कानूनन अपराध है। ऐसी स्थिति में पुलिस को सूचना मिलने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने जनता से अपील की है कि कोई भी रिकवरी एजेंट बीच रास्ते में जबरदस्ती या डरा-धमका कर वाहन सीज करता है तो नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, पुलिस दोषियों पर कार्रवाई करेगी।
नर्मदापुरम एस पी साईं कृष्णा एस थोटा ने जनता से की अपील, वीडियो देखे

खबर पर प्रतिक्रिया /कमेन्ट करने के लिए लॉगइन करे Login Page
नए यूजर जुडने के लिए डिटेल्स सबमिट करे New User's Submit Details

