Monday 20-04-2026

नर्मदापुरम। जिले में बाल विवाह रोकथाम अभियान के तहत प्रशासन को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सोहागपुर तहसील के ग्राम रेंगा खेड़ा में बाल विवाह की सूचना मिलते ही प्रशासन द्वारा गठित संयुक्त दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित परिवारों से चर्चा की और बच्चों के आयु संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया। जांच में बच्चों की आयु वैधानिक सीमा से कम पाई गई।
इस पर दल के सदस्यों ने परिजनों को ‘बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम’ के प्रावधानों, दंडात्मक कार्रवाई और बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। समझाइश के बाद परिजनों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बच्चों के बालिग होने तक विवाह नहीं करने का आश्वासन दिया।
इनकी रही प्रमुख भूमिका
संयुक्त दल में महिला एवं बाल विकास विभाग से सेक्टर पर्यवेक्षक बानो खान, सहायिका मोहिनी सराठिया , पुलिस विभाग से विवेक सोनपुरे, मंजूलता परते एवं सामाजिक संस्था से मानवेन्द्र सिंह तोमर शामिल रहे।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति और दंडनीय अपराध है। यदि कहीं भी ऐसी सूचना मिले, तो तत्काल पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर जानकारी दें। प्रशासन ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करेगा।

खबर पर प्रतिक्रिया /कमेन्ट करने के लिए लॉगइन करे Login Page
नए यूजर जुडने के लिए डिटेल्स सबमिट करे New User's Submit Details

