Wednesday 27-05-2026

नर्मदापुरम। प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यात्री वाहनों द्वारा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 21 मई से 27 मई 2026 तक यात्री बसों के विरुद्ध विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न जिलों में बसों की सघन जांच की गई।
अभियान के अंतर्गत बिना परमिट संचालित बसें, ओवरलोड यात्री वाहन, फिटनेस एवं बीमा दस्तावेजों की कमी, टैक्स बकाया वाहन, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी, तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन, स्कूल एवं यात्री बसों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस अथवा शराब पीकर वाहन संचालन करने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई की गई।
नर्मदापुरम जिले में अभियान के दौरान 125 से अधिक यात्री बसों की जांच कर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में कमी एवं ओवरलोडिंग पाए जाने पर 47 प्रकरणों में दंडात्मक कार्रवाई करते हुए कुल ₹20,900 की जुर्माना राशि वसूल की गई। साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई, वाहन जब्ती, फिटनेस निरस्तीकरण एवं परमिट संबंधी कार्यवाही भी की गई।
अभियान के दौरान बस संचालकों एवं वाहन चालकों को यात्री सुरक्षा मानकों का पालन करने, क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, वाहन की फिटनेस एवं आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने हेतु निर्देशित किया गया।
प्रदेश सरकार एवं पुलिस प्रशासन द्वारा इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े तथा यह स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

खबर पर प्रतिक्रिया /कमेन्ट करने के लिए लॉगइन करे Login Page
नए यूजर जुडने के लिए डिटेल्स सबमिट करे New User's Submit Details

